चतरा में नाबालिग से बाल मजदूरी और मारपीट का आरोप, महिला थाना प्रभारी समेत दारोगा पति सस्पेंड

Chatra: नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर सरकारी आवास में रखकर उससे घरेलू काम कराने और मारपीट करने के गंभीर आरोपों में...

महिला थाना प्रभारी समेत दारोगा पति सस्पेंड

Chatra: नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर सरकारी आवास में रखकर उससे घरेलू काम कराने और मारपीट करने के गंभीर आरोपों में चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. SP अनिमेष नैथानी ने महिला थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक फिरदौस नाज और सदर थाना में पदस्थापित उनके पति पुलिस अवर निरीक्षक टीपू अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

CWC की शिकायत पर SP ने लिया एक्शन

बाल कल्याण समिति (CWC) की शिकायत और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन की रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. निलंबन अवधि में दोनों को पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं.

FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज और उनके पति टीपू अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए CWC की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है. सदर थाना प्रभारी को मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और दोष साबित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

सरकारी आवास में छापेमारी, नाबालिग का रेस्क्यू

बताया गया कि विगत रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर CWC की विशेष टीम ने सदस्य सह बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट प्रियंका अधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना परिसर स्थित दारोगा दंपति के संयुक्त सरकारी आवास में छापेमारी की थी. इस दौरान टीम ने वहां से एक नाबालिग बच्ची को रेस्क्यू किया. बच्ची के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए थे.

बच्ची ने लगाए मारपीट और प्रताड़ना के आरोप

आरोप है कि बच्ची ने CWC की टीम के समक्ष महिला थाना प्रभारी और उनके एसआई पति पर घरेलू काम कराने तथा नियमित रूप से मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए. इसके बाद बच्ची को बाल संरक्षण गृह (CCI) भेज दिया गया. CWC की ओर से बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया और बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान भी दर्ज कराया गया है.

ALSO READ: जयराम महतो का स्पीकर को पत्र, बोले- केस से नहीं, बिना जांच कार्रवाई से है आपत्ति

SP ने कहा- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

SP अनिमेष नैथानी ने कहा कि नाबालिग बच्ची से बाल मजदूरी कराना और उसके साथ मारपीट करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *