दिवंगत कॉमरेड अनीता देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि, पलामू में प्रमंडलीय सभा आयोजित

पलामू: भाकपा माले की राज्य कमिटी सदस्य और झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ की अध्यक्ष कॉमरेड अनीता देवी के 7 मार्च को...

पलामू: भाकपा माले की राज्य कमिटी सदस्य और झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ की अध्यक्ष कॉमरेड अनीता देवी के 7 मार्च को हुए असामयिक निधन पर मेदिनीनगर स्थित पलामू जिला कार्यालय में प्रमंडल स्तरीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.

महिला नेताओं ने किया सभा का संचालन

इस सभा का सफल संचालन संयुक्त रूप से गढ़वा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा मेहता, पांकी जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, राहिना बीबी, ऊषा देवी, रेखा देवी और कलावती देवी ने किया.

हलधर महतो ने बताया अपूरणीय क्षति

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य सह प्रमंडलीय प्रभारी कॉमरेड हलधर महतो ने अनीता देवी के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि पलामू के महादलित समुदाय से निकलकर पूरे राज्य में रसोइया संगठन का ढांचा तैयार करना उनके जुझारू व्यक्तित्व का प्रमाण है. आज रसोइया दीदियों को मिल रहा बढ़ा हुआ मानदेय उनके निरंतर संघर्षों की ही देन है.

Also Read: लोहरदगा में छठ का उल्लास, नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय पर्व का आगाज

राजनीतिक हालात पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान कॉमरेड हलधर महतो ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आम लोगों को गुलाम बनाने की साजिश रच रही है और साम्राज्यवादी ताकतें देश को पीछे धकेलने का काम कर रही हैं. उन्होंने देश की संप्रभुता पर अमेरिकी हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए जनता से जागरूक होने की अपील की.

कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करने वालों में भाकपा माले के केंद्रीय कमिटी सदस्य सुवेंदु सेन, गीता मंडल, लातेहार जिला सचिव बिरजू राम, गढ़वा जिला सचिव कालीचरण मेहता और जेएमएम जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल थे. इनके अलावा सीपीआई के मृत्युंजय शर्मा, संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव, मजदूर नेता गौतम दा, सब्बीर अहमद, दिहाड़ी मजदूर यूनियन के राजीव सिंह, झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन के रवि पाल, किसान नेता डॉ. बी एन सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा, कमेश सिंह चेरो, इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य सचिव अविनाश रंजन, आइसा राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, राज्य उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, जिला सचिव गौतम दांगी और सीटू से सुधा सुमन ने भी अपनी बात रखी.

कार्यकर्ताओं ने लिया संघर्ष आगे बढ़ाने का संकल्प

भारी संख्या में मौजूद माले और रसोइया संघ के कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रिय नेत्री को नमन किया और उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अनीता देवी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

सभा के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *