रांची: आज 18 फरवरी 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां चल रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया, कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ट्रांसपोर्ट नगर में रांची नगर निगम क्षेत्र के मेयर और 53 वार्ड पार्षदों के साथ-साथ बुण्डू नगर पंचायत के अध्यक्ष और 13 वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती की जाएगी.

कड़ी सुरक्षा और सख्त जांच व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतगणना हॉल की व्यवस्था, टेबलों की क्रमवार सेटिंग, वार्डवार कक्ष, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास द्वार, प्रत्याशियों व उनके एजेंटों के बैठने की व्यवस्था, मीडिया कक्ष और कंट्रोल रूम की तैयारी का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि—
- केवल वैध पासधारियों को ही प्रवेश दिया जाए,
- प्रवेश द्वारों पर सघन जांच हो,
- पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहें,
- पूरे परिसर में सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखी जाए,
- वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना तक सख्त प्रोटोकॉल
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में मतगणना कक्ष तक लाया जाएगा. प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की उपस्थिति में सील की जांच के बाद ही मतगणना शुरू होगी.
कर्मियों के लिए वेलफेयर हेल्प डेस्क
मतगणना कर्मियों की सुविधा के लिए वेलफेयर हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया है. यहां महिला और पुरुष कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके. साथ ही प्राथमिक उपचार कक्ष, एंबुलेंस, अग्निशमन यंत्र, पेयजल, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
समय पर पूरी हों सभी तैयारियां
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी कोषांगों के नोडल और वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्व गंभीरता से निभाने और समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत और जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: धनबाद में दामोदर नदी किनारे मोहाना बना हो रहा अवैध खनन: सरयू राय

