हजारीबाग : बड़कागांव वन क्षेत्र के इंदिरा इलाके में संचालित अवैध कोयला खदान में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई. घटना 6 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है. मृतक की पहचान बड़कागांव के होरम निवासी हरि महतो के रूप में हुई है, जो कोयला मजदूर के रूप में काम करता था. घटना के बाद खदान से शव को बाहर निकाल लिया गया. मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Also Read : विभावि में अमर्यादित व्यवहार पर सख्ती, संविदा कर्मी की सेवा तत्काल प्रभाव से वापस
पुलिस और वन विभाग ने जताई अनभिज्ञता, अवैध खदानों पर उठे सवाल
घटना को लेकर जब थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से मिल रही है. वहीं वन पदाधिकारी महेश कुमार दास ने भी छुट्टी पर होने की बात कहते हुए घटना से अनभिज्ञता जताई. क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खदानों के संचालन की चर्चा है, जहां से बड़े पैमाने पर कोयले की ढुलाई भी हो रही है. बावजूद इसके प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं.
Also Read : नई टीम के साथ भाजपा की पहली संगठनात्मक बैठक, पदाधिकारियों का हुआ स्वागत
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उठाई कार्रवाई की मांग
चौपदार बलिया के मुखिया प्रतिनिधि चंदनपुरी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि वन क्षेत्र में अवैध खनन का जारी रहना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है. उन्होंने मांग की कि ऐसे अवैध खदानों पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और जंगल तथा वन्य जीवों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके.
