Hazaribagh: झारखंड की राजधानी रांची में आगामी 2 और 3 सितम्बर 2026 को “Voter Registration and Voter Registers” विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति एवं जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर अवगत कराया है.
शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर
हजारीबाग के शोधार्थी और विद्यार्थी 30 अप्रैल तक अपने शोध का सार भेज सकते हैं. इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य मतदाता डेटाबेस और पंजीकरण से संबंधित संस्थागत संवाद को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना है. सम्मेलन के माध्यम से विश्व भर की सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के साथ-साथ उभरती चुनौतियों, तकनीकी नवाचारों और प्रशासनिक अनुभवों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा.
शिक्षाविदों से भागीदारी की अपील
उपायुक्त ने विभावि एवं जिले के सभी महाविद्यालयों के शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों, विद्वानों और छात्र-छात्राओं से इस शैक्षणिक अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. इच्छुक प्रतिभागी उपरोक्त विषय से संबंधित अपने शोध का सार आगामी 30 अप्रैल 2026 तक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड (रांची) के कार्यालय में भेज सकते हैं. यह सम्मेलन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव प्रशासन, अभ्यासकर्ताओं और विषय विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभवों के आदान-प्रदान हेतु एक साझा मंच प्रदान करेगा. इसका मुख्य लक्ष्य सहयोगात्मक शिक्षण के माध्यम से चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाना है.
वेबसाइट के माध्यम से मिलेगी पूरी जानकारी
सम्मेलन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और विवरण हेतु इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट www.icvrr.org� पर लॉगिन कर सकते हैं.
