Ranchi: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में शिक्षा क्षेत्र की गुणवत्ता सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए.
उपस्थिति को लेकर सख्ती
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में केवल 76% शिक्षक ही ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिक्षक प्रतिदिन अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करें, अन्यथा वेतन रोक दिया जाएगा. वहीं, छात्रों की उपस्थिति भी मात्र 54% दर्ज होने पर नाराजगी जताई गई और सभी विद्यालयों को 100% उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया.
नामांकन और योजनाओं पर जोर
बैठक में सभी छात्रों का आधार पंजीकरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में एक सप्ताह के भीतर नामांकन पूर्ण करने, एफएलएन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा मध्याह्न भोजन के लिए नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
अतिक्रमण हटाने के निर्देश
विद्यालयों की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीर मुद्दा बताते हुए उपायुक्त ने पुलिस बल की मदद से जल्द अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता और रैंकिंग सुधार का आधार है.
