कार ने टोटो को मारी टक्कर, विरोध करने पर चालक की बेरहमी से पिटाई, दो आरोपी गिरफ्तार

Ranchi: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित सुजाता चौक के समीप रविवार रात करीब 9:30 बजे एक कार द्वारा टोटो को पीछे...

Ranchi: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित सुजाता चौक के समीप रविवार रात करीब 9:30 बजे एक कार द्वारा टोटो को पीछे से टक्कर मारने के बाद मारपीट की घटना सामने आई है. मामले में चुटिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में रातू रोड निवासी अनंत विवेक (27) और पिस्का मोड़ निवासी अखौरी अनिल कुमार (65) शामिल है. पुलिस के अनुसार संबंधित कार अखौरी अनिल कुमार के नाम पर पंजीकृत है. वहीं घटना के बाद दो अन्य आरोपी टोटो लेकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है.

विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट

पीड़ित टोटो चालक अतिक अख्तर, जो पुंदाग के निवासी हैं, डोरंडा से सुजाता चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक किआ कार ने उनके टोटो को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया. अतिक अख्तर की पत्नी मौसमी आरा ने चुटिया थाना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि हादसे के बाद जब उनके पति कार सवार लोगों से बात करने पहुंचे तो चारों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

पुलिस की तत्परता से हुई गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित परिवार का कहना है कि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो घटना और गंभीर हो सकती थी. सूत्रों के अनुसार आरोपियों को छुड़ाने के लिए कुछ प्रभावशाली लोगों की ओर से पैरवी भी की गई. हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी दबाव को स्वीकार नहीं किया.

बताया जाता है कि थाना में समझौते का प्रयास भी हुआ, लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: राज्यसभा चुनाव : जानिए कौन बनें कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक, 18 जून को होगा पावर गेम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *