Palamu: जिले के उंटारी रोड प्रखंड के करकटा गांव में BDO सह प्रभारी CDPO को पांच घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखने के मामले में अब दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस FIR दर्ज कराई गई है. थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि करकटा गांव में सहायिका के चयन के लिए 5 जून को ग्राम सभा का आयोजन किया गया था.
चयन प्रक्रिया के दौरान हुआ था विवाद
इस प्रक्रिया को संपन्न कराने पहुंचीं नावा बाजार की बीडीओ सह विश्रामपुर की प्रभारी CDPO रेणु बाला के साथ चयन प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों का विवाद हो गया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें वहीं बंधक बना लिया. काफी मशक्कत और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद उन्हें ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया जा सका था.
BDO ने दर्ज कराई पहली प्राथमिकी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बीडीओ रेणु बाला ने पहली प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने छह लोगों को नामजद करते हुए करीब 30 से 40 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिना किसी कारण के बंधक बनाने का आरोप लगाया है.
Also Read: उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक : गिरोह के सदस्य की जमानत पर अगली सुनवाई 12 जून को
ग्रामीण महिला ने भी दर्ज कराया मामला
वहीं दूसरी ओर, प्रति प्राथमिकी के रूप में करकटा गांव निवासी बबिता देवी ने बीडीओ रेणु बाला, सुपरवाइजर शिमला सिंह, एकतानाथ, ज्योति कुमारी तथा दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट करने और ग्राम सभा के दौरान अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इधर थाना प्रभारी संतोष गिरी ने पुष्टि की है कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की कानूनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है.


