Pakur: पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में महेशपुर के विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद अध्यक्ष सहित सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान परिवहन विभाग द्वारा पीपीटी के माध्यम से वर्ष 2024, 2025 और वर्ष 2026 के मार्च माह तक के सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया.
यह भी पढ़ें : ED की बड़ी कार्रवाई: अवैध कोयला खनन मामले में 159 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, लाला के सिंडिकेट का भंडाफोड़
लोगों की जान बचाने के लिए उठाएं कदम : सांसद
आंकड़ों के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 तक जिले में 18 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 15 लोगों की मृत्यु एवं 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. वर्ष 2025 में कुल 73 सड़क दुर्घटनाओं में 68 लोगों की मृत्यु तथा 22 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. गत एवं वर्तमान वर्ष को मिलाकर अब तक कुल 83 लोगों की जान जा चुकी है. इस पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि जिले के हर एक नागरिक का जीवन अत्यंत बहुमूल्य है. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं मृत्यु दर को कम करने के लिए सभी संबंधित विभागों को तेजी से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.
यह भी पढ़ें : रांची दुष्कर्म कांड पर गरमाई राजनीति: भाजपा का हमला, सुरक्षा और फास्ट ट्रैक ट्रायल की मांग
जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
सांसद ने निर्देश दिया कि हिट एंड रन से जुड़े किसी भी मामले को लंबित न रखा जाए और सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. जिले में व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि आमजन यातायात नियमों का पालन करें. ओवर स्पीड, ट्रिपल राइडिंग एवं अन्य यातायात उल्लंघनों पर रोक लगाने के लिए नियमित एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पिछले दो वर्षों की तुलना में वर्तमान वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है और प्रतिवर्ष लगभग 10 से 15 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है. इस सकारात्मक प्रवृत्ति को बनाए रखने एवं और बेहतर करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
