Chatra: बिजली कटौती और बिजली बिल में बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे. पार्टी के जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता के नेतृत्व में 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे से बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा.
इस दौरान जोरदार प्रदर्शन कर पार्टी कार्यकर्ता झारखंड सरकार और बिजली विभाग की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे. कार्यक्रम में चतरा विधायक जनार्दन पासवान और सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल समेत पार्टी के प्रदेश, जिला, प्रखंड और मंडल स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे.
जनता की परेशानी का मुद्दा
पार्टी का आरोप है कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता को लगातार बिजली कटौती और महंगे बिलों की मार झेलनी पड़ रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन जनहित से जुड़ा है और जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार और बिल वृद्धि पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा.
प्रदर्शन के साथ सौंपा जाएगा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और अपनी मांगों को लेकर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपेंगे. इधर, बीजेपी जिला महामंत्री डॉ. मृत्युंजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आम जनता की समस्याओं को लेकर किया जा रहा है.
सभी कार्यकर्ता समय पर पहुंचें और कार्यक्रम को सफल बनाएं, ताकि सरकार तक हमारी आवाज मजबूती से पहुंचे. उन्होंने कहा कि बिजली संकट और बढ़े हुए बिलों से आम लोग परेशान हैं, इसलिए यह जरूरी है कि सभी मिलकर इस मुद्दे पर एकजुट होकर विरोध दर्ज कराएं.
