Gumla: कुम्हार मोड़ स्थित किराये के मकान में रहने वाली रामगढ़ निवासी सविता देवी ने एक गंभीर आरोप लगाया है. वह करौंदी पंचायत के तिर्रा गांव में स्थित सोनू सिंह के लड्डू फैक्ट्री में मजदूरी का काम करती हैं. पीड़िता का आरोप है कि फैक्ट्री संचालक सोनू सिंह की पत्नी उसे जबरन अपने घर ले जाकर घरेलू काम करवाती है. कल भी आरोपी महिला सविता देवी को अपने घर ले गई और जबरन काम कराने लगी. इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कथित रूप से कहा गया कि “तुम नौकर हो, मालकिन बनने का प्रयास मत करो.”
पीड़िता से अमानवीय व्यवहार का आरोप
पीड़िता के अनुसार, उसे आरोपी महिला के पैर धोकर वह पानी पीने के लिए भी मजबूर किया गया. इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई. घटना के बाद घायल अवस्था में महिला गुमला थाना पहुंची, जहां से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
इलाज के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
महिला के पति प्रमोद प्रजापति, जो रामगढ़ की एक फैक्ट्री में काम करते हैं, घटना की सूचना मिलने के बाद गुमला के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इलाज पूरा होने के बाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
