RANCHI: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह जीरो टॉलरेंस मोड में है. आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले के 96 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी.
दो पालियों में होगी परीक्षा
उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी.
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू रहेगी. सभी केंद्रों को पूरी तरह इलेक्ट्रॉनिक फ्री जोन घोषित किया गया है, जहां मोबाइल या किसी भी प्रकार के डिजिटल उपकरण ले जाना सख्त वर्जित रहेगा.
सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाएं
एक ओर जहां प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था की है, वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है.
नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड और स्टैटिक टीमों के रूप में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन की अपील
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और अपने साथ एडमिट कार्ड एवं वैध पहचान पत्र अवश्य रखें.
