RANCHI: रिम्स की डेंटल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और कोतवाली क्षेत्र में तीन साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है. इन घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ निर्णायक आंदोलन का शंखनाद कर दिया है.
दोषियों को फांसी देने की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में अंधी हो गई है और अपराधियों को निष्पक्ष नजरिए से देखने के बजाय वोट बैंक के चश्मे से देख रही है.
साहू ने मांग की कि इन जघन्य अपराधों के दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से तत्काल फांसी की सजा दी जाए. उन्होंने कहा कि जब अपराधियों में कानून का भय खत्म हो जाता है, तब बेटियां असुरक्षित हो जाती हैं.
सड़कों पर उतरेगी भाजपा
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर न्याय दिलाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा और रांची महानगर इकाई ने दो दिवसीय उग्र आंदोलन की घोषणा की है.
• 19 अप्रैल को शाम 05:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा.
• 20 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे रांची एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसमें रांची महानगर, पूर्वी एवं पश्चिमी जिला के कार्यकर्ता शामिल होंगे.
न्याय के लिए प्रतिबद्धता
आदित्य साहू ने स्पष्ट किया कि भाजपा रिम्स की छात्रा और अन्य पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार केवल खानापूर्ति के लिए मुकदमे दर्ज करती है, जिससे अपराधी बेखौफ होकर बाहर आ जाते हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक राज्य की बेटियों को सुरक्षित माहौल और दोषियों को कठोरतम सजा नहीं मिल जाती.
