Ranchi: लोहरदगा जिले से गरीबी और लाचारी की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. एक बेबस मां सड़क किनारे बेसुध पड़ी रही और उसके तीन मासूम बच्चे अपनी भूख मिटाने के लिए कूड़े के ढेर में खाना तलाशते नजर आए. जैसे ही मामला सीएम हेमंत सोरेन के संज्ञान में आया उन्होंने लोहरदगा डीसी को निर्देश दिया, कि परिवार को रहने के लिए उचित जगह मुहैया करायें. बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें और साथ ही परिवार को सभी सरकारी योजनाओं से अविलंब जोड़ें. साथ ही में चैरिटेबल ट्रस्ट जैसे की TataTrusts परिवार की मदद के लिए आगे आएं.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, महिला और उसके तीन बच्चे पिछले कुछ समय से दाने-दाने को मोहताज था. महिला के पति का निधन हो चुका है, जिसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई. सहारा छीन जाने और आर्थिक तंगी के कारण परिवार की स्थिति इतनी दयनीय हो गई कि उन्हें सड़क पर आने को मजबूर होना पड़ा. भूख और कमजोरी की वजह से महिला सड़क किनारे निढाल होकर गिर पड़ी, जबकि उसके छोटे-छोटे बच्चे पास ही पड़े कूड़े से खाना चुनकर अपनी भूख शांत करने की कोशिश कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर, सीएम ने लिया संज्ञान
यह तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गई. जैसे ही यह मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया दी. मुख्यमंत्री ने लोहरदगा के डीसी को सख्त और त्वरित निर्देश दिए कि परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाई जाए.
यह भी पढ़ें: झाड़ग्राम में मोदी–चंपई की मुलाकात, बंगाल की राजनीति पर तेज हुआ हमला
