दोरहिया में भू-माफियाओं के खिलाफ बिगुल: ‘रास्ता और रैयती जमीन हड़पने नहीं देंगे’-राजेश यादव

GIRIDIH: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दोरहिया में भू-माफियाओं की बढ़ती दखलअंदाजी के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया. ऑल...

GIRIDIH: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दोरहिया में भू-माफियाओं की बढ़ती दखलअंदाजी के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया. ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की अगुवाई में हुई बैठक में साफ ऐलान किया गया कि अब रैयती जमीन, सर्वे रास्ता और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर किसी भी तरह की अवैध घेराबंदी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जमीन कब्जे की साजिश नहीं चलेगी: राजेश यादव

बैठक में पूर्व जिप सदस्य व फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने तीखा तेवर अपनाते हुए कहा कि बाहर से आकर एग्रीमेंट के नाम पर गांव की जमीन हड़पने की साजिश अब नहीं चलेगी. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर गरीबों की पुश्तैनी जमीन और गांव के आम रास्तों पर कब्जे की कोशिश को रोका जाएगा.

पुराने रास्तों को बंद करना अन्याय: ग्रामीण

स्थानीय लोगों ने बताया कि भू-माफिया सांठगांठ कर न सिर्फ जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि वर्षों पुराने आने-जाने के रास्तों को भी घेरकर लोगों को परेशान किया जा रहा है. इस पर राजेश यादव ने कहा कि पीढ़ियों से इस्तेमाल हो रहे रास्तों को बंद करना सीधा अन्याय है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

प्रशासन को दी गई चेतावनी

उन्होंने प्रशासन से जल्द ऐसे मामलों में हस्तक्षेप कर घेराबंदी हटाने की मांग की, अन्यथा ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. साथ ही लोगों से संगठित होकर कानूनी लड़ाई लड़ने और संगठन मजबूत करने का आह्वान किया.

ग्रामीणों ने लिया संघर्ष का संकल्प

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने एकजुट होकर भू-माफियाओं के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया और जल्द ही संगठन बनाकर अपने अधिकारों की लड़ाई शुरू करने का ऐलान किया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *