Bundu (Ranchi) : दशमफॉल थाना क्षेत्र के तैमारा घाटी में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हादसे में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. पुरी से पटना जा रही रिलायंस नामक बस (OD02CS-7657) ने घाटी चढ़ रहे एक अज्ञात ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक धीरे-धीरे घाटी चढ़ रहा था, तभी तेज गति से आ रही बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ड्राइवर केबिन में बुरी तरह दब गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. इस दुर्घटना में बस के खलासी शंकर भोई (25), निवासी ओडिशा, की मौके पर ही मौत हो गई.
यह भी पढ़ें : नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासी घमासान तेज, BJP ने विपक्ष पर साधा निशाना
बस के ड्राइवर की स्थिति नाजुक, रिम्स रेफर
वहीं चालक प्रकाश मल्लिक (37) गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर के बाद चालक बस के केबिन में फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. घायल चालक को तुरंत अनुमंडल अस्पताल बुंडू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने खलासी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही फरार अज्ञात ट्रक के चालक की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है.
यह भी पढ़ें : अपराधी प्रिंस खान गैंग का चीफ फाइनेंशियल मैनेजर था सैफी, कोलकाता एयरपोर्ट से पकड़ा गया
