अवैध सीवरेज कनेक्शन से बिगड़ी व्यवस्था, रांची की सड़कों पर बह रहा गंदा पानी

Ranchi: राजधानी में आधुनिक सीवरेज व्यवस्था को लेकर चल रही महत्वाकांक्षी योजना अब लोगों की लापरवाही के कारण प्रभावित होती नजर आ...

Ranchi: राजधानी में आधुनिक सीवरेज व्यवस्था को लेकर चल रही महत्वाकांक्षी योजना अब लोगों की लापरवाही के कारण प्रभावित होती नजर आ रही है. रांची नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बिना अनुमति मैनहोल और इंस्पेक्शन चैंबर से घरों की नालियों को जोड़ना पूरी तरह अवैध है और इससे शहर की व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा है.

कई वार्डों में चल रहा कार्य, नियमों की अनदेखी से बढ़ी समस्या

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 01 से 05 और 30 से 33 में “Sewerage & Drainage Zone-1” के तहत पाइपलाइन बिछाने और मैनहोल निर्माण का कार्य तेजी से जारी है. इसी बीच कई स्थानों पर लोगों द्वारा नियमों को नजरअंदाज करते हुए अपने घरों का गंदा पानी सीधे सीवरेज चैंबर में डाला जा रहा है.

इस मनमानी के कारण चैंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं और सड़कों पर गंदा पानी बहने लगा है, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है.

ALSO READ: रांची में हुए पशुपालन विभाग घोटाले की जांच नहीं करेगी जांच समिति, सिर्फ बोकारो और हजारीबाग तक ही सीमित

राहगीरों और व्यापारियों को परेशानी, निगम सख्त

सड़कों पर गंदा पानी फैलने से राहगीरों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

नगर निगम ने साफ कहा है कि अब ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी. बिना अनुमति कनेक्शन जोड़ने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा.

निगम की अपील, नियमों का करें पालन

नगर निगम ने आमजनों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. साथ ही किसी भी प्रकार का जल निकासी कनेक्शन जोड़ने से पहले निगम से अनुमति लेना अनिवार्य बताया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *