Ranchi: महिला आरक्षण बिल को लेकर झारखंड प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिला बिल पर ओछी राजनीति कर विपक्ष ने अपना असली चेहरा उजागर कर दिया है. उन्होंने घोषणा की कि 25 अप्रैल को रांची में विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.

तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें, संगठन को किया जा रहा सक्रिय
आक्रोश मार्च को सफल बनाने के लिए मंगलवार को रांची में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं. महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसके अलावा कुच्चू स्थित प्रदेश अध्यक्ष के पैतृक आवास पर रांची पश्चिमी जिला और मंडलों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई.
ALSO READ: अवैध सीवरेज कनेक्शन से बिगड़ी व्यवस्था, रांची की सड़कों पर बह रहा गंदा पानी
विपक्ष पर तीखा हमला, महिला अधिकारों को लेकर आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को संवैधानिक अधिकार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया, लेकिन कांग्रेस और झामुमो जैसे दलों ने इसमें बाधा डालकर महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए नारी शक्ति का दायरा सीमित है और इस ‘राजनीतिक पाप’ के लिए जनता उन्हें जवाब देगी.
कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए पंडरा ओपी क्षेत्र में हुई एक व्यवसायी की हत्या का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम हैं और आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं.
आंदोलन को जन-जन तक ले जाने का आह्वान
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि नारी शक्ति के उदय को कोई नहीं रोक सकता और मोदी सरकार महिलाओं के आरक्षण के मार्ग में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी. उन्होंने कहा कि 25 अप्रैल का आक्रोश मार्च विपक्ष के ‘चाल, चरित्र और चेहरे’ को उजागर करेगा.
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
भाजपा ने इस अभियान को व्यापक बनाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की है.
- 25 अप्रैल को रांची में विशाल आक्रोश मार्च और पदयात्रा आयोजित की जाएगी.
- 25 से 30 अप्रैल तक राज्य के सभी 595 मंडलों में पदयात्रा और विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
बैठक में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
