Gumla: जिले में नए डीसी दिलेश्वर महतो के पदभार संभालते ही प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है. उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ संकेत दे दिए हैं कि अब विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में सख्त निर्देश
डीसी दिलेश्वर महतो ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि हर विभाग अपने-अपने विकास कार्यों को समय पर पूरा करे. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी.
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
डीसी ने दो टूक कहा कि यदि किसी भी अधिकारी की ओर से लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी निभाने में कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा.
Also Read: बच्ची लापता मामले पर HC की नाराजगी के बाद DGP तदाशा मिश्रा पहुंची गुमला, घंटों की परिजनों से पूछताछ
व्यवहार पर भी नजर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के व्यवहार पर भी ध्यान दें. आम नागरिकों के साथ सही व्यवहार नहीं होने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.
विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
डीसी ने कहा कि ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक पूरी प्रशासनिक टीम मौजूद है. अगर सभी ईमानदारी से काम करें तो विकास योजनाओं की रफ्तार तेज हो सकती है और गुमला जिले की अलग पहचान बन सकती है.
जनता दरबार की शिकायतों पर सख्ती
उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए . किसी विभाग के खिलाफ शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण विभाग पर खास फोकस
डीसी ने स्वास्थ्य . शिक्षा और कल्याण विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक तेजी से पहुंचे . स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार . शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और कल्याणकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए .
प्रशासन की छवि सुधारने पर जोर
उन्होंने कहा कि आम जनता की सेवा ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है. ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों की वजह से प्रशासन की छवि बेहतर होती है. वहीं लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
