Bokaro: बोकारो जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-फोर स्थित डीपीएस स्कूल के कैंटीन को सील कर दिया गया. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गयी. सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पुलिस पदाधिकारी एवं बल के साथ कैंटीन का औचक निरीक्षण किया गया.
यह भी पढ़ें : दिल्ली से भागकर रांची पहुंचीं दो नाबालिग बहनें बरामद, पिता ने दर्ज कराया था अपहरण का केस
पायी गयी कई गड़बड़ियां
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. कैंटीन के पास न तो FSSAI लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन पाया गया और न ही विद्यालय प्रशासन की तरफ से जारी कोई प्राधिकृत पत्र. इसके अलावा खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं थी. कैंटीन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई और कर्मचारी बिना हेड कवर व ग्लव्स के काम करते मिले.

जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ भी बरामद
जांच टीम को छापेमारी में कई ऐसे प्रोडक्ट मिले जो एक्सपायर थे. हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, वनस्पति तेल और दही के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. छापेमारी टीम के अनुसार निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों की तरफ से कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश भी की गई. हालांकि, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई पूरी की गई. खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए कैंटीन को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : झारखंड बोर्ड 10वीं के नतीजे घोषित: गुमला टॉपर, रांची 15वें स्थान पर; राज्य का कुल पास प्रतिशत 95.27%
स्कूल प्रबंधन ने कहा- ‘पूर्वाग्रह से प्रेरित है कार्रवाई’
इधर, विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इसमें स्कूल की कोई भूमिका नहीं है. मेस का संचालन आउटसोर्सिंग के तहत होता है. अगर गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो विद्यालय के स्तर से भी कड़ी कार्रवाई होगी. वैसे, यह कार्रवाई कहीं न कहीं पूर्वाग्रह से प्रेरित है. स्कूल प्रबंधन के लोगों ने जब छापेमारी का आदेश मांगा, तो उनके साथ बदसलूकी की गई और जबरन ताला जड़ दिया गया.
