GIRIDIH: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगोदरडीह पूर्वी में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चार वर्षीय मासूम अहान की कुएं में गिरने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
आंगनबाड़ी केंद्र ले आई थी मां, खेलते-खेलते कुएं में गिरा बच्चा
जानकारी के अनुसार, अहान की मां उसे अपने साथ आंगनबाड़ी केंद्र लेकर आई थी, जहां वह एक अन्य बच्ची को वैक्सीन दिलाने पहुंची थी. इसी दौरान अहान पास में खेलते-खेलते एक निर्माणाधीन मकान के भीतर बने खुले कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया.
Also Read: पलामू: मेदिनीनगर पुलिस ने दो गांजा तस्करों को किया गिरफ्तार
मौके पर अफरा-तफरी, लोगों ने निकाला बाहर
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पूर्व विधायक पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक विनोद सिंह मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी. इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
