Palamu: छतरपुर नगर पंचायत में बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सह पलामू जिला प्रवक्ता चन्दन प्रकाश सिन्हा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स में हुई 10.5 प्रतिशत की वृद्धि अध्यक्ष की लापरवाही और नाकामी का परिणाम है.
बोर्ड के फैसले पर उठाए सवाल
चन्दन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि होल्डिंग टैक्स बढ़ाना या घटाना नगर निकाय के बोर्ड का निर्णय होता है, न कि सीधे सरकार का. अध्यक्ष अपनी विफलता को सरकारी प्रक्रिया बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि झुमरी तिलैया, कोडरमा और डोमचांच जैसे निकायों में स्थानीय बोर्ड के प्रयास से टैक्स कम किया गया है, लेकिन छतरपुर के अध्यक्ष जनहित के बजाय टेंडर प्रबंधन में व्यस्त रहे.
Also Read: महिला आरक्षण बिल पर BJP का हमला, कांग्रेस समेत विपक्ष पर साधा निशाना
व्यापारियों और आम जनता की परेशानी
आगे झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य ने कहा कि अध्यक्ष ने फुटपाथ दुकानदारों और हाट-बाजार के व्यापारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. जिस वर्ग ने उन्हें चुनकर भेजा, आज वही अवैध वसूली और बढ़ते टैक्स से त्रस्त है. सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि जहां दुनिया तकनीक में आगे बढ़ रही है, वहीं अध्यक्ष लोगों को साइकिल चलाने और पुराने युग की बातें कर विकास के मुख्य मुद्दों से भटका रहे हैं.
आंदोलन की चेतावनी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य ने आरोप लगाया कि पिछली बैठकों में केवल राजस्व बढ़ाने वाले मुद्दों पर चर्चा हुई, जबकि जनहित के कार्यों को गौण रखा गया. यहां तक कि कॉल सेंटर के नाम पर भी लोगों को झांसा दिया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विकास की ठोस रूपरेखा तैयार कर टैक्स से राहत नहीं दी गई, तो झामुमो घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी और व्यापक आंदोलन छेड़ेगी.
