Hazaribagh: जिले के चौपारण प्रखंड क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते करीब 18 घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं.
बच्चे की मौत से पसरा मातम
पहली घटना शुक्रवार देर शाम बसारिया के कठंबा मोड़ के पास हुई. जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय रंजीत कुमार उर्फ अनमोल (पिता नागेश्वर भुइयां) समोसा खरीदकर सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वह प्राथमिक विद्यालय जागोडीह का कक्षा 5 का छात्र था. घटना के बाद परिजनों ने चौपारण थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की है.
अलग-अलग हादसों में मौत और घायल
दूसरी घटना शुक्रवार शाम दादपुर नहर के समीप हुई, जहां भगवानपुर निवासी जावेद (पिता यूसुफ) सड़क दुर्घटना में घायल हुए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
तीसरी घटना शनिवार सुबह शहीद भगत सिंह चौक के पास हुई. बाइक सवार तबरेज आलम और मो. सुहेल इंडेन गैस लेकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से उनकी टक्कर हो गई. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, जिसमें मो. सुहेल की हालत नाजुक बताई जा रही है.
चौथी घटना शनिवार शाम बिघा बाजार के पास हुई, जहां बाइक और पिकअप वैन की टक्कर में दो युवक घायल हो गए. दोनों जोकट गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
दनुआ घाटी में सबसे दर्दनाक हादसा
सबसे दर्दनाक घटना दनुआ घाटी में हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि सड़क पर गिरे किसी तरल पदार्थ के कारण वाहन फिसल गया, जिससे यह हादसा हुआ.
पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है. लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है.
