Ranchi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र रांची ने शनिवार शाम झारखंड के कई जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी की है. विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और वर्षा होने की संभावना है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
इन जिलों के लिए जारी हुई चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है उनमें बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं.
ALSO READ: सामुदायिक भवन विवाद: सुबोधकांत सहाय ने तुड़वाया भूख हड़ताल, भवन खुलने तक धरना जारी
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, पेड़ों के नीचे नहीं खड़े होने तथा बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी इस दौरान खेतों में नहीं जाने और मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने को कहा गया है.
मौसम विभाग के अनुसार येलो अलर्ट का अर्थ है कि लोग मौसम पर नजर रखें और सतर्क रहें. प्रशासन को भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
