Ranchi: सेक्टर वार्ड 41 स्थित सामुदायिक भवन को लेकर चल रहे विवाद के बीच पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे समाजसेवी विशाल सिंह का अनशन रविवार को समाप्त कराया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति माथारू और अजयनाथ शाहदेव के साथ धरना स्थल पहुंचकर नारियल पानी और जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया.
जनता के हक की लड़ाई
मौके पर पहुंचे सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यह लड़ाई आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए सामुदायिक भवन पर नगर निगम कब्जा करना चाहता है, जबकि संबंधित जमीन एचईसी के अधीन आती है.
नगर आयुक्त से की बात
धरना स्थल से ही उन्होंने नगर आयुक्त को फोन कर मामले की जानकारी दी और सामुदायिक भवन को तुरंत खोलने का निर्देश देने की मांग की.
कांग्रेस नेताओं का बयान
महानगर कांग्रेस के जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर ने कहा कि फिलहाल केवल भूख हड़ताल समाप्त हुई है, लेकिन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक निगम प्रशासन भवन का ताला खोलकर उसे फिर से जनता के लिए उपलब्ध नहीं कर देता. महानगर महासचिव सह प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह ने आरोप लगाया कि निगम भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर के इशारे पर काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी के आधार पर पार्षद द्वारा जबरन भवन में ताला लगवाया गया है.
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद
धरना स्थल पर ज्योति माथारू, अजयनाथ शाहदेव, कमल ठाकुर, निश्चल सिंह, विक्की, गोल्डी, अनिकेत, नील समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे मौजूद थे.
