Palamu: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सह पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सरकारी योजनाओं में व्याप्त भारी अनियमितता पर गहरा रोष व्यक्त किया है. उन्होंने अधिकारियों को दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि पदाधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं, क्योंकि जनहित के कार्यों में लूट और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सिन्हा ने कहा कि कुछ पदाधिकारियों के गलत कृत्यों के कारण झारखंड सरकार और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर दोनों की छवि धूमिल हो रही है, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
सड़क और आंगनबाड़ी निर्माण में गड़बड़ी के आरोप
भ्रमण के दौरान सरईडिह डगरा सड़क की बदहाली का मामला प्रमुखता से सामने आया. चंदन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में सड़क की स्थिति इतनी जर्जर थी कि पैदल चलना भी दूभर था. जनहित को देखते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने कोटे से लगभग 15 लाख रुपये मरम्मत के लिए जारी किए थे, लेकिन संबंधित पदाधिकारियों ने धरातल पर बिना कोई कार्य किए पूरी राशि की निकासी कर ली. सड़क पर गड्ढे जस के तस बने हुए हैं और विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि वहां योजना का शिलापट्ट तक नहीं लगाया गया, जो सरकारी निर्देशों का खुला उल्लंघन है. उन्होंने इसे सरकार को बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया.
जांच के क्रम में जिला परिषद द्वारा सरईडिह के रघुनीडिह में निर्मित आंगनबाड़ी भवन में भी भारी खामियां पाई गईं. झामुमो नेता ने बताया कि विभाग ने स्थल चयन में बड़ी लापरवाही करते हुए भवन का निर्माण ‘आहार’ (जल संचयन क्षेत्र) में करा दिया है, जिससे बरसात का पानी भवन के भीतर भर जाता है. भवन की निर्माण गुणवत्ता भी अत्यंत घटिया है, जहां गेट और ग्रिल अभी से खराब होने लगे हैं. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस भवन का निर्माण जबरन रैयती जमीन पर किया गया है, जबकि जमीन मालिक ने इसका बार-बार विरोध किया था.
ALSO READ: CM हेमंत सोरेन करेंगे खनन विभाग की समीक्षा, बंद पड़े खदानों के रिन्यूअल पर होगा फोकस
उच्च स्तरीय जांच की चेतावनी
चंदन प्रकाश सिन्हा ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए शिलापट्ट अनिवार्य है, जिसे पदाधिकारियों ने जानबूझकर छुपाने की नीयत से नहीं लगाया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग और इंजीनियर अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारते हैं, तो इन सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच के लिए सरकार को पत्र लिखा जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी. इस मौके पर उनके साथ नौडीहा बाजार प्रखंड अध्यक्ष उदय पासवान और राजेश्वर उरांव भी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
