Ranchi: झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम केंद्र रांची ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों से लेकर आगामी छह दिनों तक तेज हवा, मेघ गर्जन, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिणी तथा कई अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
अगले तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी तात्कालिक चेतावनी (Nowcast Warning) के अनुसार रांची, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिलों के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है. विभाग ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे नहीं रुकने और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.
छह दिनों तक बदल रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 अप्रैल से 3 मई तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवा चल सकती है.
27 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्व एवं मध्य भागों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है. वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चल सकती है.
28 और 29 अप्रैल को दक्षिणी एवं मध्य झारखंड के कई इलाकों में तेज हवा, गर्जन और बारिश की संभावना है. 30 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. 1 मई से 3 मई तक भी राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ तेज हवा चलने और वर्षा की संभावना बनी रहेगी.
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से राहत
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
रांची और आसपास के क्षेत्रों का तापमान भी धीरे-धीरे नीचे आने का अनुमान है. 27 अप्रैल को रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो 1 मई तक घटकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से घटकर 23 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है.
ALSO READ: मारवाड़ी महाविद्यालय में दर्जनों युवाओं ने थामा आजसू छात्र संघ का दामन
डालटनगंज सबसे गर्म, नामकुम सबसे ठंडा
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस नामकुम (रांची) में रिकॉर्ड किया गया.
रांची में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री, जमशेदपुर में 37.5 डिग्री, चाईबासा में 42.4 डिग्री और बोकारो में 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम रोकने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है. आम लोगों से कहा गया है कि बारिश और आंधी के दौरान घरों में रहें, मोबाइल चार्जिंग उपकरणों से दूरी बनाएं तथा बिजली गिरने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान लें.
राहत भी, सावधानी भी जरूरी
राज्य में गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है, लेकिन तेज हवा, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
