Simdega: सिमडेगा जिले के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह की शुरुआत हुई. जिला स्थापना के मौके पर तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन हो रहा है. महोत्सव के पहले दिन समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और ‘हरित सिमडेगा’ के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में जिले के वरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. डीसी कंचन सिंह, एसपी श्रीकांत एस खोटरे, डीएफओ शशांक शेखर सिंह, डीडीसी दीपांकर चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. मौके पर अधिकारियों ने लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.
यह भी पढ़ें : आगामी DPC की बैठक को लेकर सचिवालय में खूब हो रही चर्चा, दागी प्रशासनिक अधिकारी को भी प्रमोशन देने की तैयारी
पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण निवेश : डीसी
मौके पर डीसी कंचन सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है. यदि आज हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं, तो आने वाले समय में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा. वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. रजत जयंती महोत्सव के तहत जिले में 30 अप्रैल तक विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है.

