चुनाव प्रचार खत्म : बंगाल में अंतिम चरण में 142 सीटों पर डाले जाएंगे वोट, भाजपा और टीएमसी के बीच तीखी राजनीतिक लड़ाई

Election campaign ends: सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार समाप्त हो गया. यह चुनाव...

Election campaign ends: सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार समाप्त हो गया. यह चुनाव घुसपैठ, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भाजपा और टीएमसी के बीच तीखी राजनीतिक लड़ाई से प्रभावित रहा. दोनों दलों ने 142 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से कई वादे किए. इस जोरदार प्रचार अभियान के दौरान, भाजपा नेतृत्व ने सत्ताधारी टीएमसी पर पश्चिम बंगाल को घुसपैठियों का गढ़ बनाने का आरोप लगाया. वहीं, ममता बनर्जी ने भगवा दल पर विभाजनकारी राजनीति करने, राज्य को बांटने का प्रयास करने और मछली व अंडे के सेवन के हतोत्साहित करने का आरोप लगाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई भाजपा नेताओं ने राज्य में जोरदार प्रचार किया.

यह भी पढ़ें : दो करोड़ की रंगदारी का कॉल, AK-47 और बम से उड़ाने की धमकी—हड़कंप

भाजपा ने कानून व्यवस्था को लेकर टीएमसी पर बोला जोरदार हमला

उन्होंने टीएमसी पर कानून व्यवस्था बिगड़ने, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों, राजनीतिक अशांति, घुसपैठ और भ्रष्टाचार को लेकर हमला किया. मोदी ने मतुआ समुदाय से संपर्क साधा और उनसे नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) पर टीएमसी के झूठ से गुमराह न होने का आग्रह किया. उन्होंने सभी शरणार्थियों को देश में स्थायी निवास का आश्वासन दिया. वहीं अमित शाह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर पशु तस्करी रोकने और मवेशियों की रक्षा के लिए एक विशेष दस्ता बनाया जाएगा. उन्होंने ममता बनर्जी पर तस्करों की मदद करने का आरोप लगाते हुए गुंडाराज और सिंडिकेट राज खत्म करने का वादा किया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद का निर्माण शुरू करने की अनुमति दी गई थी. शाह ने महिलाओं व बेरोजगार युवाओं के लिए 3,000 रुपये मासिक भत्ता तथा राज्य परिवहन में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का भी वादा किया.

टीएमसी ने कहा- हरेक व्यक्ति के बैंक खाते में नहीं पहुंचा 15 लाख रुपये

वहीं टीएमसी नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है इनमें हर बैंक खाते में 15 लाख रुपये और सालाना दो करोड़ नौकरियां जैसे वादे शामिल हैं. 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के बाद अपनी एक रैली में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है. उन्होंने सत्ता बरकरार रखने का विश्वास व्यक्त किया. बनर्जी ने शाह पर चुनाव के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ उनके “उल्टा लटका देंगे” वाले बयान को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने एक संवैधानिक प्राधिकरण द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा पर सवाल उठाया और कहा कि उनकी पार्टी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी. उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने पर भी चिंता जताई और चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को कथित ज्यादतियों के खिलाफ चेतावनी दी.

यह भी पढ़ें : सरायकेला: दलमा सेंचुरी में सेंदरा पर्व पर विशु शिकार, चीतल हिरण बने निशाना, वन विभाग बोला – “इस वर्ष शिकार नहीं हुआ”

अंतिम चरण के लिए चुनाव आयोग की व्यापक तैयारी

29 अप्रैल को होने वाले इस चरण के चुनाव में कुल 3,21,73,837 मतदाता मतदान के पात्र हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं. मतदान 41,001 केंद्रों पर होगा, जिसमें सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी. चुनाव आयोग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है, जिसमें सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं. कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरा लगे ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. कोलकाता में केंद्रीय बलों की सबसे अधिक 273 कंपनियां तैनात की गई हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *