Ranchi: डोरंडा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. एक दत्तक पुत्री ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपनी ही मां, नाहिद परवीन की बेरहमी से हत्या कर दी. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतिका की दत्तक पुत्री, उसके प्रेमी अरबाज खान और एक अन्य सहयोगी समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है.
जानें क्या है पूरा मामला
मामला 24 अप्रैल की रात का है. शुरुआत में इस मौत को एक दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी. परिजनों को बताया गया कि नाहिद परवीन की मृत्यु बाथरूम में गिरने के कारण हुई है. हालांकि, 25 अप्रैल को जब अंतिम संस्कार से पूर्व शव को स्नान कराया जा रहा था, तब मृतिका के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए. संदेह गहराने पर मृतिका के देवर, मोहम्मद हलीम ने डोरंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शव को कब्र से निकाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. दंडाधिकारी की उपस्थिति में नाहिद परवीन के शव को कब्र से निकालकर मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि दम घोंटकर की गई हत्या थी.
ALSO READ: लोहरदगा लीजेंड्स ने जीता लोहरदगा प्रीमियर लीग का खिताब
हत्या के पीछे की खौफनाक वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतिका नाहिद परवीन एक पेंशनभोगी विधवा महिला थीं. उनके पति की मृत्यु के बाद उनके खाते में पीएफ का बड़ा हिस्सा और नियमित पेंशन आती थी. मृतिका की अपनी कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने 15 वर्ष पूर्व एक बालिका को गोद लिया था.
मृतिका की बेटी अपने प्रेमी अरबाज खान पर काफी पैसे खर्च करती थी. बेटी अरबाज से निकाह करना चाहती थी, जिसका नाहिद परवीन कड़ा विरोध कर रही थीं. संपत्ति और प्रेम संबंध के रास्ते से मां को हटाने के लिए बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज, उसके दोस्त समीर और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.
कैसे दिया वारदात को अंजाम
24 अप्रैल की रात आरोपियों ने तकिए से मुंह दबाकर नाहिद परवीन की हत्या कर दी. साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने पूरे घर की सफाई की ताकि खून या संघर्ष के निशान न मिलें. इसके बाद मोहल्ले और रिश्तेदारों में यह भ्रम फैलाया गया कि बाथरूम में गिरने से उनकी मौत हुई है.
