Giridih: गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से तांबे के तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी किए गए तांबे के तार समेत अन्य सामान बरामद किया है. बता दें कि 26/27 अप्रैल की रात निमियाघाट सब स्टेशन के पीछे ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था. इस दौरान कनेक्शन के लिए भारी मात्रा में तांबे का तार रखा गया था. रात में कुछ अज्ञात अपराधियों ने वहां मौजूद गार्ड को मारपीट कर बंधक बना लिया और लगभग 193 मीटर तांबे का तार काटकर ले गए. इसकी अनुमानित कीमत 15.58 लाख रुपये बताई जा रही है. साथ ही गार्ड से मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए.
यह भी पढ़ें : Ranchi: पेंशन के लालच और प्रेम संबंध में बाधा बनने पर बेटी ने ही रची मां की हत्या की साजिश, प्रेमी संग तीन गिरफ्तार
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
इस संबंध में निमियाघाट थाना कांड संख्या 41/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा करीब 267 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद जिले के कुसुंडा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं. सभी का आपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं.
यह भी पढ़ें : लोहरदगा लीजेंड्स ने जीता लोहरदगा प्रीमियर लीग का खिताब
आरोपियों के पास से वाहन और नकद भी बरामद किए गए
पुलिस ने आरोपियों के पास से तांबे का तार, केबल कवर, घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन, 38 हजार रुपये नकद एवं औजार जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस पूरी कार्रवाई में निमियाघाट थाना, डुमरी पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही. इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों ने संतोष जताया है.
