Lohardaga : लोहरदगा में स्थानीय बी एस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए लोहरदगा प्रीमियर लीग के फाइनल में लोहरदगा लीजेंड्स ने लोहरदगा लायंस को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लोहरदगा लायंस की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन का स्कोर खड़ा किया. लोहरदगा लायंस ओर से लक्ष्य कौशिक ने शानदार 81 नाबाद तथा आदित्य राज ने 11 रनों का योगदान दिया. वहीं गेंदबाजी में युवराज तथा आयुष पोद्दार ने दो-दो विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोहरदगा लीजेंड्स की टीम एक समय 35 रन पर तीन विकेट गंवाकर काफी विकट स्थिति में फंस चुकी थी. लेकिन युवराज कुमार के शानदार 79 नाबाद तथा कृष्ण शाही के 23 नाबाद और अर्पित के 23 रन की बदौलत 17.1 ओवर में 141 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया. शिवा उरांव, आशीष और लक्ष्य कौशिक ने एक-एक विकेट लिए.
यह भी पढ़ें : ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में दिखेगा भारतीय सेना का दमखम

विजेताओं को दिए गए पुरस्कार
मौके पर भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. लोहरदगा के उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, पूर्व राज्यसभा सांसद तथा लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू और लोहरदगा नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने खिलाड़ियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया. मैन ऑफ द मैच तथा मैन ऑफ द सीरीज का खिताब युवराज कुमार को दिया गया. टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अर्पित मलिक, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज आशीष कुमार तथा सर्वश्रेष्ठ फील्डर हर्षवर्धन को नकद पुरस्कार तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. विजेता टीम को रु 8,000 का नकद तथा ट्रॉफी जबकि रनर अप टीम को रु 5,000 का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दिया गया.
यह भी पढ़ें : पानी-बिजली संकट पर झारखंड में सियासी घमासान, भाजपा करेगी जिलावार आंदोलन

लोहरदगा में खेल के विकास के लिए हरसंभव करेंगे मदद : धीरज साहू
जेएससीए द्वारा प्रतिनियुक्ति अंपायर वाशिद खान, शिवम कुमार तथा स्कोरर जुलकैर नैन को भी उपायुक्त ने सम्मानित किया. सामाजिक कार्यों में अग्रणी नारी सम्मान ग्रुप की सभी महिलाओं को, जिन्होंने घरेलू कार्यों को छोड़कर क्रिकेट मैच खेला था, उनको भी लोहरदगा के उपायुक्त ने मेडल तथा सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया. मौके पर लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा में इस तरह के क्रिकेट मैच के आयोजन के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी सदस्यों को बधाई दी. साथ-साथ उन्होंने कहा कि बी एस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम को वाइस चांसलर महोदय से अनुमति लेकर मैदान को बड़ा किया जाएगा. उन्होंने लोहरदगा में खेल के विकास के लिए हर संभव सहायता खिलाड़ियों को प्रदान करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि उपायुक्त महोदय बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं, इसीलिए अपने काम की व्यस्तता के बीच-बीच में लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मैदान में आकर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते रहें. वहीं उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि धीरज प्रसाद साहू बड़े खेल प्रेमी है और इनका विजन खेल के प्रति बहुत ही साफ है. मैं हर संभव सहायता प्रदान करने की कोशिश करूंगा. उन्होंने भी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी सदस्यों को फ्रेंचाइजी आधारित क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन के लिए बधाई दी. नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने भी इस शानदार आयोजन के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई दी. इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेलप्रेमी तथा गन्यमान्य लोगों उपस्थित थे. सभा का संचालन नियाज मल्लिक तथा धन्यवाद ज्ञापन भास्कर दास गुप्ता ने किया.

