Gumla: भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गृह गणना कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संपन्न किया जाएगा. इसके पूर्व आम नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self-Enumeration) की व्यवस्था विशेष पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक उपलब्ध कराई गई है. उक्त कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो द्वारा समाहरणालय परिसर, गुमला से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक
उपायुक्त ने कहा, कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, संवैधानिक प्राधिकारों, सरकारी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की, कि वे स्वयं स्व-गणना पोर्टल (https://se.census.gov.in) का उपयोग करें तथा आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि स्व-गणना के प्रथम दिन अर्थात 16 मई 2026, को जिले के जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष/उपाध्यक्ष एवं अन्य प्रख्यात व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा उनकी भागीदारी का उचित प्रलेखन किया जाए.
उपायुक्त ने की नागरिकों से अपील
स्व-गणना हेतु प्रत्येक परिवार द्वारा केवल एक मोबाइल नंबर का उपयोग किया जाना है तथा पोर्टल निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह से मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगा. उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है, कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं गणना कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें. इस अवसर पर अपर समाहर्ता, गुमला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जन्म–मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए चार माह से भटक रहे मुखिया, प्रखंड कार्यालय में हंगामा
