Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं को सुना.इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत कीं.
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए.उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
खेल और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठे
इस दौरान गुमला निवासी दिव्यम कुमार ने राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए स्पोर्ट्स गन लाइसेंस देने का अनुरोध किया.वहीं पम्पापुर इंटर महाविद्यालय, पालकोट के शिक्षक और कर्मियों ने लंबित अनुदान राशि के भुगतान की मांग रखी.
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मांग
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने सदर अस्पताल गुमला में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, बेहतर जांच सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से जुड़े आवेदन दिए.ग्राम छोटा लोरो, नवाडीह के करमा उरांव ने निजी जमीन पर लगे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने के मामले में जांच और मुआवजे की मांग की.
मुआवजा और सहायता के आवेदन
ग्राम बिरकेरा, सिसई की बिरसी देवी ने उग्रवादी हिंसा से जुड़े मामले में अनुकंपा सहायता और नौकरी देने की मांग की.वहीं ग्राम करमटोली के टेमना उरांव ने निर्माण कार्य के दौरान निजी संपत्ति को हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने का अनुरोध किया.
विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन
ग्राम कोटामाटी, घाघरा के गुल मोहम्मद खान ने बिजली विभाग की कार्रवाई की जांच की मांग की.बासिया निवासी पूर्व सैनिक रविन्द्र नाग ने शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन दिया.ग्राम उर्मी, अरमई पंचायत के भौरा मिस्त्री ने जर्जर मकान की जगह नए आवास की स्वीकृति मांगी.इसके अलावा भूमि विवाद, राजस्व रिकॉर्ड सुधार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए.
त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें और इसकी प्रगति की जानकारी भी दें.
आमजन को मिला सुलभ मंच
जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक आसान और प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है,जिससे प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सके.
