Ranchi: राजधानी की बिगड़ती बुनियादी सुविधाओं को लेकर युवा आजसू ने आज रांची नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. युवा आजसू के महानगर अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर रौशनी खलखो से मुलाकात कर शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा.
इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के समक्ष होल्डिंग टैक्स वृद्धि वापस लेने, पेयजल संकट दूर करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, मानसून से पहले नालियों की सफाई, बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्ट्रीट लाइट लगाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण और तालाबों के जीर्णोद्धार जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं.

Also Read: गिरिडीह: भीख मांगने वालों के पुनर्वास को लेकर प्रशासन सख्त, रेलवे स्टेशन से बाजार तक चलेगा अभियान
“स्मार्ट सिटी” में बुनियादी सुविधाओं का संकट
युवा आजसू नेताओं ने कहा कि स्मार्ट सिटी का दावा करने वाली राजधानी रांची आज बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है. मोहल्लों में पानी की किल्लत, टूटी सड़कें, अंधेरे में डूबे इलाके और गंदगी से लोग परेशान हैं. मानसून नजदीक है, लेकिन नालियों की सफाई नहीं होने से जलजमाव का खतरा बढ़ गया है.
15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
महानगर अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि जनता लगातार समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन नगर निगम संवेदनहीन बना हुआ है. उन्होंने दावा किया कि महापौर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और 15 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू कराने का आश्वासन दिया है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो युवा आजसू चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा.
