गिरिडीह में साइबर अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, जंगल में चल रहा था फ्रॉड का खेल

Giridih:जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और आक्रामक कार्रवाई करते हुए 6 शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया है....

Giridih:जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और आक्रामक कार्रवाई करते हुए 6 शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया है. गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर थाना पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चरनबारी और कोठाहरिया जंगल में ताबड़तोड़ छापेमारी कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया. पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान महेंद्र कुमार मंडल, कृष्णा कुमार मंडल, ईश्वर मंडल, पंकज कुमार मंडल, रंजीत कुमार मंडल और आदित्य कुमार मंडल उर्फ राजा बाबू के रूप में हुई है. सभी आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं और लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे.

 11 मोबाइल, 13 सिम और 5 बाइक जब्त

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ये अपराधी लोगों के मोबाइल पर फर्जी APK फाइल का लिंक भेजते थे. जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी अपराधियों तक पहुंच जाती. इसके बाद कुछ ही मिनटों में खातों से रकम साफ कर दी जाती थी. पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और 5 बाइक बरामद किए हैं. बरामद मोबाइल और सिम के जरिए कई अन्य साइबर ठगी मामलों के तार जुड़ने की संभावना जताई जा रही है.

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. आरोपी कृष्णा मंडल पहले भी गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 38/2023 और 43/2023 में जेल जा चुका है, जबकि महेंद्र कुमार मंडल दिल्ली के सफदरगंज थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के मामले में जेल की हवा खा चुका है. इसके बावजूद अपराधियों ने साइबर ठगी का धंधा नहीं छोड़ा. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व साइबर डीएसपी आबिद खां ने किया. छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पु.अ.नि. गुंजन कुमार, स.अ.नि. संजय मुर्मियार, हवलदार हकिमुद्दीन अंसारी, अमरनाथ प्रसाद समेत पुलिस केंद्र के सशस्त्र जवान शामिल थे.

एसपी द्वारा अपील :अनजान लिंक पर क्लिक न करें 

पुलिस ने इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 10/2026 से 14/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं एसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक न करें. साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें.

AlsoRead:तमिलनाडु : विजय ने हासिल किया बहुमत, 144 विधायकों का मिला साथ

 

 

 

 

 

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *