Click Here
Click Here
Click Here

जमीन विवाद बना जानलेवा, गिरिडीह के सुंदरटांड़ में 80 वर्षीय वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या

Giridih: जिले में जमीन माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रशासनिक ढिलाई और राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बीच अब...

Giridih: जिले में जमीन माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रशासनिक ढिलाई और राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बीच अब हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि जमीन विवाद सीधे खूनी संघर्ष में बदलने लगे हैं. ताजा मामला पचंबा थाना क्षेत्र के सुंदरटांड़ से सामने आया है, जहां बुधवार को जमीन विवाद में दबंगों ने एक 80 वर्षीय वृद्धा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं.

घर में घुसकर हमला, वृद्धा की मौत

मृतका की पहचान पोथवा देवी के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि जमीन कब्जाने की नीयत से पहुंचे कथित जमीन माफियाओं ने पहले सुबह उनकी पैतृक जमीन पर चल रहे बाउंड्रीवाल के काम को जबरन रुकवाया और फिर शाम होते-होते दर्जनों लोगों के साथ घर पर हमला बोल दिया. इस दौरान महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की गई, वहीं वृद्धा पोथवा देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई.

सुबह पुलिस को दी गई थी सूचना

परिजनों के अनुसार, सुंदरटांड़ स्थित उनकी खतियानी जमीन पर बुधवार सुबह बाउंड्रीवाल कराया जा रहा था. इसी दौरान किशुन यादव, बासदेब यादव, मितान यादव समेत कई लोग वहां पहुंचे और जमीन को अपना बताते हुए काम बंद करा दिया. मामला बढ़ने पर पचंबा थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाकर शाम तक समाधान निकालने की बात कही थी.

Also Read: EXCLUSIVE: झारखंड पुलिस पर HC के 3 बड़े फैसले, कहीं खुशी, कहीं गम- बदली अफसरों की सीनियरिटी, प्रमोशन पर रोक, सिपाहियों में खुशी का माहौल

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

लेकिन आरोप है कि थाना में बातचीत का भरोसा देकर पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया और इसी का फायदा उठाते हुए शाम के समय आरोपियों ने अनूप महतो के घर पर धावा बोल दिया. परिवार की महिलाओं का कहना है कि आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. इस दौरान वृद्धा पोथवा देवी को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उनकी मौत हो गई.

इलाके में आक्रोश, पुलिस पर सवाल

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है. मृतका के परिजनों ने पचंबा थाना पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और समय रहते सुरक्षा नहीं देने का गंभीर आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि सुबह ही विवाद और तनाव की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी, बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो शायद एक वृद्ध महिला की जान बच सकती थी.

जमीन विवाद बना अपराधियों का खेल

स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरिडीह में जमीन विवाद अब अपराधियों और माफियाओं के हाथों का खेल बन चुका है. खुलेआम कब्जा, धमकी, मारपीट और हत्या जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन कठोर कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *