Ranchi : रांची में तेजी से फैलते नशे के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला लिया है. गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जिला नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक में ड्रग तस्करी, अफीम की अवैध खेती और गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्रों पर कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया.
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नशे के अड्डों की पहचान कर निगरानी बढ़ाई जाए. साथ ही मादक पदार्थ निरोधक कानून के तहत लंबित मामलों की तेजी से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.


गांव-गांव चलेगा अफीम विरोधी अभियान
उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर मुखिया, प्रधान, समाजसेवी और महिला समूहों के साथ मिलकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश दिए. जिन लोगों का पहले अफीम की खेती से संबंध रहा है, उन पर विशेष नजर रखने को कहा गया ताकि वे दोबारा इस अवैध कारोबार में शामिल न हो सकें.
ALSO READ : चोरी के बाद घर के बाहर मोबाइल फेंकने वाला छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार, CCTV से खुला राज
स्कूल-कॉलेजों में होगा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूलों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों से जोड़ने की पहल भी की जाएगी.
दवा दुकानों और सीमावर्ती क्षेत्रों पर सख्ती
प्रशासन ने औषधि दुकानों, रसायन विक्रेताओं और दवा कंपनियों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके. वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों और परिवहन मार्गों पर जांच चौकियों को और मजबूत करने का फैसला लिया गया है.
ALSO READ : हाजिरी की ‘मलाई’ और खाली क्लासरूम की ‘दुहाई’, विष्णुगढ़ के इस कॉलेज में कब रुकेगा अनुदान का यह काला खेल?
अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर भी कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. साथ ही ड्रग तस्करों की संपत्ति जब्त कर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया गया.
बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौतम गोस्वामी, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
युवाओं को नशे से बचाने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि रांची युवा आबादी वाला जिला है और आने वाली पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी ताकत के साथ नशे के खिलाफ अभियान चलाएगा.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं ड्रग तस्करी, गांजा, अफीम की खेती या किसी भी नशीले पदार्थ से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना पहचान बताए टोल फ्री नंबर 1933 पर सूचना दें.
ALSO READ : हजारीबाग में दो दिनों से पानी सप्लाई बंद, लोगों की बढ़ी परेशानी
