Hazaribagh:शहर में पिछले दो दिनों से पीने के पानी की सप्लाई बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शहर के कई इलाकों में लोग पानी के लिए परेशान हैं और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं.
सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सीटू ने इस मामले को लेकर नगर आयुक्त, नगर निगम हजारीबाग को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि शहर की बड़ी आबादी नगर निगम की पानी सप्लाई पर निर्भर है, लेकिन बार-बार पानी आपूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि जब से शहर में पानी सप्लाई की जिम्मेदारी नगर निगम के पास आई है, तब से लगातार ऐसी समस्याएं सामने आ रही हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.

जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गणेश कुमार सीटू ने कहा कि समय पर टैक्स नहीं देने पर लोगों से जुर्माना लिया जाता है, लेकिन समय पर पानी नहीं मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी, यह भी तय होना चाहिए.उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तुरंत मामले में हस्तक्षेप कर पानी सप्लाई बहाल करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जिला कमिटी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी.
AlsoRead:चोरी के बाद घर के बाहर मोबाइल फेंकने वाला छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार, CCTV से खुला राज
