Bokaro: बालीडीह थाना अंतर्गत बियाडा बाजार की रहने वाली एक महिला के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शशि शर्मा नामक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. महिला ने अपने आवेदन में बताया कि 2 मई की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी, तभी एक व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुस आया.
महिला का आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की कोशिश भी की. इसी दौरान महिला की नींद खुल गई. महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी घर में रखा मोबाइल और 2000 रुपये लेकर फरार हो गया.

अगले दिन मोबाइल लौटाने आया, CCTV में कैद हुआ आरोपी
बताया गया कि अगले दिन आरोपी चोरी किया गया मोबाइल महिला के घर के बाहर फेंकने आया. इसके बाद महिला ने घर के पास लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें पड़ोस में रहने वाला शशि शर्मा मोबाइल फेंककर भागता हुआ दिखाई दिया.
इसके बाद महिला को पूरा विश्वास हो गया कि उसी युवक ने घटना को अंजाम दिया था. महिला के आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना पुलिस ने 5 मई को कांड संख्या 79/26, धारा-332/305 (ए)/76 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
ALSO READ: हजारीबाग:फ्लाइओवर निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार, आपराधिक इतिहास भी सामने आया
अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर 14 मई को अभियुक्त शशि शर्मा को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. साथ ही घटना से संबंधित CCTV फुटेज को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है. गिरफ्तार अभियुक्त शशि शर्मा, छतनीटांड़, थाना-बालीडीह, जिला-बोकारो का निवासी है. उसके पास से हिरो होंडा ग्लैमर मोटरसाइकिल नंबर JH09J-3291 और लाल मिर्च से भरा एक प्लास्टिक का पारदर्शी डब्बा बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ बालीडीह थाना कांड संख्या 102/14 और कांड संख्या 47/22 के तहत चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं. छापेमारी दल में पु.अ.नि. अविनाश कुमार गौतम, पु.अ.नि. नित्यानंद भोक्ता, पु.अ.नि. जितेंद्र कुमार यादव, आरक्षी राजेश कुमार पासवान और सैयद अंसारी शामिल थे.
