Ranchi: झारखंड की द्वितीय राजभाषा कुड़माली को उसका वाजिब हक दिलाने और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सीएम को पत्र लिखा है.
शैक्षणिक पदों की मांग
पत्र के जरिए विधायक ने कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में कुड़माली भाषा के शैक्षणिक पदों के सृजन और संशोधन की मांग की है. पत्र में कहा गया है कि कोल्हान विश्वविद्यालय के पीजी विभाग और अंगीभूत कॉलेजों में वर्षों से बड़ी संख्या में छात्र कुड़माली पढ़ रहे हैं, लेकिन पदों की प्रशासनिक स्वीकृति नहीं होने से उनका भविष्य अधर में है.

नई शिक्षा नीति का हवाला
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मातृभाषा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने इस पत्र की प्रतिलिपि उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव और कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को भी भेजकर इस विसंगति को जल्द से जल्द दूर करने का आग्रह किया है.
