Ranchi : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने आवश्यक बैठक बुलायी है. बैठक में CPGRAMS ( केन्द्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली ) पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की जायेगी. विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है. जिसमें पुलिस मुख्यालय को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग में शामिल होने का निर्देश दिया गया है.
मुख्य सचिव स्तर पर आज होगी समीक्षा बैठक
सरकार के अवर सचिव लखन राम नायक द्वारा डीजीपी झारखंड को भेजे गए पत्र के अनुसार, पीजी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की जानी है. यह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आज यानी 18 मई को दोपहर 12ः30 बजे राज्य नोडल पदाधिकारी सह सचिव, कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है.

500 से अधिक मामले 21 दिनों से लंबित
झारखंड पुलिस मुख्यालय के पीजी पोर्टल पर प्राप्त, निष्पादित और लंबित शिकायतों की मासिक प्रगति रिपोर्ट जारी की गई है. इस साल 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक की समीक्षा रिपोर्ट से पता चलता है कि जहां पुलिस ने पुरानी लंबित शिकायतों को तेजी से निपटाने का प्रयास किया है. वहीं अब भी बड़ी संख्या में शिकायतें लंबित पड़ी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल महीने की शुरुआत में पुलिस मुख्यालय के पास कुल 778 शिकायतें लंबित थीं. अप्रैल महीने के दौरान 206 नई शिकायतें ऑनलाइन प्राप्त हुईं. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 329 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया. इस प्रकार अप्रैल महीने के अंत यानी 30 अप्रैल तक कुल लंबित मामलों की संख्या घटकर 655 रह गई.
ALSO READ : बोकारो : करेंट लगने से पत्रकार की पत्नी की मौत
