Giridih: गिरिडीह जिले में आज शहीद सीताराम उपाध्याय की स्मृति में CAPF वारियर्स ग्रुप, गिरिडीह ने शहीद सीताराम उपाध्याय पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया. कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किया. साथ हीउनके अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और गणमान्य अतिथियों ने शहीद सीताराम उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. श्रद्धांजलि सभा का माहौल देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा. उपस्थित लोगों ने शहीद के बलिदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया.
यह भी पढ़ें: सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई


शहीद कभी मरते नहीं, सदैव लोगों के दिलों में रहते हैं: डीसी
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि अपने साहस, समर्पण और बलिदान के माध्यम से सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं. शहीद सीताराम उपाध्याय का जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. उपायुक्त ने शहीद सीताराम उपाध्याय के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहीद परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है. उन्होंने शहीद के बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.

शहीदों के त्याग और बलिदान की बदौलत देश सुरक्षित: एसपी
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. शहीदों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही देश सुरक्षित और मजबूत बना हुआ है. उन्होंने CAPF वारियर्स ग्रुप द्वारा आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं.
यह भी पढ़ें: राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं, जो प्रशिक्षण में पसीना बहाएगा वही वर्दी पाएगा
शहीद सीताराम उपाध्याय की वीरता पर प्रकाश डाला गया
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी शहीद सीताराम उपाध्याय के जीवन संघर्ष, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा. श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

