-
उपभोक्ता अपनी शिकायत फोन नंबर 9031-110120 पर करा सकते हैं दर्ज
Ranchi: सरकारी दफ्तरों के फीते काटने के पारंपरिक तौर-तरीकों को दरकिनार करते हुए राजधानी रांची में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की एक नई मिसाल पेश की गई. कुसई कॉलोनी स्थित डेटा सेंटर में जब ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी के. श्रीनिवासन जन समस्या निवारण केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे, तो उनकी नजर वहां मौजूद एक 82 वर्षीय बुजुर्ग पर पड़ी. उन्होंने मुख्य अतिथि की औपचारिकता को छोड़, उद्घाटन का रिबन उसी बुजुर्ग के हाथों कटवाया. इस केंद्र की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उद्घाटन के महज आधे घंटे के भीतर आई पहली बड़ी शिकायत को विभाग ने सिर्फ 4 मिनट में हल कर उपभोक्ता को मुस्कुराने का मौका दे दिया.
यह भी पढ़ें: रांची: जनता दरबार में दिव्यांग को मिला इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, मौके पर कई मामलों का तुरंत निपटारा

सुबह 6 से रात 10 बजे तक खुली रहेगी केंद्र
यह केंद्र पहले से चल रहे कॉल सेंटर के अतिरिक्त काम करेगा. सीएमडी के. श्रीनिवासन ने बताया कि कामकाजी लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र के संचालन का समय सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक तय किया गया है.
शिकायत के लिए जारी हुआ विशेष नंबर
राज्य के किसी भी कोने से उपभोक्ता बिजली बिल न मिलने, अत्यधिक बिल आने या तकनीकी खराबी जैसी अपनी शिकायतें सीधे फोन नंबर 9031-110120 पर दर्ज करा सकते हैं. यहां अनुभवी अभियंताओं की तैनाती की गई है, जो शिकायत दर्ज होने के बाद समाधान करेंगे और उपभोक्ता को इसकी फीडबैक जानकारी भी देंगे.
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील को बड़ी राहत: विजय-II आयरन ओर माइंस की लीज 50 वर्षों के लिए बढ़ी
4 मिनट में 82,405 रुपए का बिल सुधरा
इस केंद्र की कार्यकुशलता का पहला गवाह रांची विश्वविद्यालय के एक रिटायर्ड शिक्षक डॉ. एके. सिंह बने. वे स्मार्ट मीटर न लगने और अचानक बिजली बिल 12,000 से बढ़कर 82,405 रुपए होने की अजीबोगरीब समस्या से परेशान थे. संयोगवश वे उसी समय पहुंचे जब उद्घाटन कार्यक्रम चल रहा था. सीएमडी के निर्देश पर टीम तुरंत एक्शन में आई और महज 4 मिनट के भीतर तकनीकी गड़बड़ी को सुधारते हुए अतिरिक्त राशि को समाय़ोजित कर दिया गया. कार्यक्रम के दौरान बिजली विभाग ने राज्य के उद्योगपतियों को भी बड़ी राहत देने की घोषणा की. सीएमडी ने कहा कि उद्योगों को बिना बाधा बिजली देने के लिए जल्द ही विशेष फीडर की व्यवस्था की जाएगी. प्रयोग के तौर पर इसकी शुरुआत पहले रांची के किसी एक फीडर से होगी, जिसका बाद में पूरे राज्य में विस्तार किया जाएगा.
