रांची को मिलेगी ट्रैफिक से मुक्ति: अरगोड़ा चौक पर बनेगा शानदार एलिवेटेड रोड, 469.62 करोड़ की मिली मंजूरी

Ranchi: राजधानी रांची के निवासियों को जल्द ही भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है. राज्य सरकार ने अरगोड़ा चौक...

AI Image
सांकेतिक तस्वीर

Ranchi: राजधानी रांची के निवासियों को जल्द ही भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है. राज्य सरकार ने अरगोड़ा चौक पर एक अत्याधुनिक एलिवेटेड रोड (फ्लाईओवर) के निर्माण के लिए 469.62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है. इस परियोजना के पूरा होने से हरमू, डिबडीह, कटहल मोड़ और अशोक नगर की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों का सफर बेहद सुगम हो जाएगा.

सरकारी खजाने से जारी होगा फंड

इस निर्माण कार्य का पूरा खर्च पथ निर्माण विभाग के ‘सड़कों तथा सेतुओं पर पूंजीगत परिव्यय मद से किया जाएगा. राशि की निकासी प्रोजेक्ट भवन सचिवालय कोषागार (धुर्वा) से की जाएगी, जिसे सीधे प्राधिकार के पीएल खाते में ट्रांसफर किया जाएगा. इसके साथ ही, विभाग ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं, कि यदि इस योजना को किसी अन्य स्रोत से भी फंड मिल रहा हो, तो तुरंत निकासी रोककर इसकी सूचना दी जाए ताकि सरकारी पैसे का दुरुपयोग न हो.

जानिए प्रोजेक्ट की पूरी रूपरेखा

• कुल लंबाई: इस एलिवेटेड रोड की कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी, जिसमें सर्विस रोड भी शामिल है.
• कनेक्टिविटी: यह फ्लाईओवर हरमू (काव रेस्टोरेंट के पास) से शुरू होकर डिबडीह पुल (सेलर नॉट रेस्टोरेंट के पास) तक जाएगा.
• चारों दिशाओं में रास्ते: यातायात को सुचारू रखने के लिए इसके आर्म्स को कटहल मोड़ (चापू टोली) और अशोक नगर (रोड नंबर-3 के पास) की तरफ भी मोड़ा जाएगा.
• अतिरिक्त कार्य: स्वीकृत बजट में ही जमीन अधिग्रहण (भू-अर्जन), यूटिलिटी शिफ्टिंग और पुनर्वास का कार्य भी शामिल है. वित्तीय रोडमैप और समय-सीमा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकार के माध्यम से दो चरणों में पूरा करने का भौतिक और वित्तीय लक्ष्य तय किया गया है.

वित्तीय वर्ष     वित्तीय लक्ष्य (बजट)   भौतिक लक्ष्य (काम का हिस्सा)

2026-27        280.62 करोड़                    60%
2027-28        189.00 करोड़                    40%

यह भी पढ़ें: डोरंडा के श्री हरि मंदिर में चोरी, गेट-खिड़की तोड़ दान पेटी से नकदी लेकर फरार हुए चोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *