Ranchi: आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर बुंडू में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी है. बुधवार को बुंडू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रखंड कमिटी का विस्तार किया गया. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कुलेश्वर मुंडा ने की. इस दौरान संगठन विस्तार के साथ-साथ एसआईआर मुद्दे पर भी रणनीतिक चर्चा हुई. झामुमो अब ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है. आने वाले दिनों में पार्टी एसआईआर के मुद्दे को लेकर अभियान चला सकती है.

यह भी पढ़ें: किसानों की समस्याओं और फसल क्षति पूर्ति की मुआवजे को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
नई टीम के जरिए संगठन को धार देने की कोशिश
बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया. संगठन सचिव की जिम्मेदारी कृष्णा मुंडा को दी गई, जबकि सह सचिव के पद पर लखन मुंडा को जिम्मेदारी सौंपी गई. उपाध्यक्ष के रूप में राकेश मुंडा और मीडिया प्रभारी के तौर पर मोहम्मद जमील अंसारी को नियुक्त किया गया. नई कमिटी में कुल 46 सदस्यों को शामिल किया गया है, जिसमें युवाओं और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखी. पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन विस्तार का मकसद बूथ और पंचायत स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाना है.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह बिजली विभाग में भ्रष्टाचार!, कार्यपालक अभियंता पर करोड़ों की अनियमितता का आरोप
एसआईआर के खिलाफ झामुमो चला सकती है अभियान
बैठक में एसआईआर का मुद्दा प्रमुख रूप से छाया रहा. कार्यकर्ताओं ने इसके खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही. पार्टी नेताओं ने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर जनसंपर्क अभियान और विरोध कार्यक्रम चलाए जा सकते हैं. बैठक को संबोधित करते हुए कुलेश्वर मुंडा ने कहा कि झामुमो अब “नई ऊर्जा” के साथ बुंडू में काम करेगा और हर गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाई जाएगी. वहीं नवनियुक्त संगठन सचिव कृष्णा मुंडा ने पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया. बैठक में विधायक प्रतिनिधि अड़की मनोज मंडल, विधायक अल्पसंख्यक प्रतिनिधि बुंडू असरफ अंसारी, प्रखंड सचिव प्रेम यादव, प्रखंड कोषाध्यक्ष बिरसा मुंडा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
