Hazaribagh: हजारीबाग कभी “मिनी कश्मीर” और झीलों के शहर के रूप में पहचान रखने वाला हजारीबाग इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. दोपहर होते ही शहर की सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं और लोग जरूरी काम के बिना घरों से निकलने से बच रहे हैं. तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगाड़ दी है. सुबह 10 बजे के बाद ही बाजारों में भीड़ कम होने लगती है. चौक-चौराहों पर जहां सामान्य दिनों में चहल-पहल रहती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है.

स्कूल खुले, बच्चों की बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के बीच स्कूलों का संचालन जारी रहने से बच्चों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे तेज धूप और उमस से परेशान हो रहे हैं. कई बच्चों में सिरदर्द, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं.
अभिभावकों का कहना है कि इतनी गर्मी में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है. खासकर दोपहर में स्कूल से लौटते समय बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टी घोषित करने की मांग की है.
बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. शहर और ग्रामीण इलाकों में 5 से 6 घंटे तक टुकड़ों में बिजली आपूर्ति हो रही है. कहीं आधे घंटे तो कहीं एक-दो घंटे की लगातार कटौती जारी है. बिजली बाधित होने से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है. पंखे और कूलर बंद रहने से लोग रातभर परेशान हो रहे हैं. सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ रही है. ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से मोटर और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज
भीषण गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. अस्पतालों और क्लीनिकों में बुखार, डिहाइड्रेशन, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं. डॉक्टर लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दे रहे हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है. प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
जनता की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिजली आपूर्ति में सुधार, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने और स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
