Bokaro: को-ऑपरेटिव कॉलोनी, प्लॉट नंबर-138 निवासी पियूष राज गुप्ता ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) परीक्षा में सफलता हासिल कर बोकारो जिले और रौनियार समाज का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और समाज के लोगों में खुशी की लहर है. सफलता की सूचना मिलते ही शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. लोगों ने मिठाई खिलाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर पियूष को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष झारखंड से 74 अभ्यर्थियों ने सीए परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिनमें बोकारो के पियूष राज गुप्ता भी शामिल हैं. पियूष की उपलब्धि से पूरे शहर में गर्व और उत्साह का माहौल है. इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सह रौनियार समाज के संरक्षक श्याम बाबू गुप्ता ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया.
Also Read: जंगल, कचरा और कारोबार… झारखंड में शुरू हुई ‘ग्रीन बिजनेस’ की नई तैयारी
मेहनत और लगन से मिली सफलता
उन्होंने कहा कि पियूष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है. समाज के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए.
पियूष की माता सुनीता गुप्ता और पिता प्रेम कुमार ने बेटे की सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत और लगन को सराहा. उन्होंने बताया कि पियूष देर रात तक पढ़ाई करता था. परिवार ने उसे सकारात्मक माहौल देने और उसकी हर जरूरत का ध्यान रखने का काम किया.
तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता
पियूष ने बताया कि उन्होंने तीसरे प्रयास में सीए परीक्षा उत्तीर्ण की. शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बावजूद परिवार ने उनका मनोबल बनाए रखा और कभी हार नहीं मानने दी. उन्होंने कहा कि बच्चों को लगातार प्रोत्साहन मिलता रहे, तो वे कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता हासिल कर सकते हैं.
सम्मान समारोह में रौनियार समाज के उपाध्यक्ष रविंद्र गुप्ता, सचिव अनिल गुप्ता, राजीव गुप्ता, किशोरी मोहन गुप्ता, सूरज कुमार सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
