भंडरा में सनकी बेटे का खूनी तांडव: कुल्हाड़ी से हमला कर पिता और पत्नी की हत्या, मासूम बेटी गंभीर

Lohardaga: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां...

Lohardaga: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बता दें, एक सनकी बेटे ने अपने ही पिता, पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला किया. इस जघन्य वारदात में पिता और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम का माहौल है. मृतकों की पहचान सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और सुजाता उरांव (27 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं घायल बच्ची रियांशी (3 वर्ष) का इलाज जारी है.

जानें पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सेंगरा टोली गांव स्थित घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप उरांव ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सबसे पहले अपने पिता सुरेंद्र उरांव पर हमला कर दिया. जिसके बाद उसने अपनी पत्नी सुजाता उरांव पर भी कुल्हाड़ी से वार किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी रियांशी को भी नहीं बख्शा और उस पर जानलेवा हमला किया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. जब तक लोग पहुंचे, तब तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी. घटना की भयावहता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल मासूम रियांशी को अपनी गोद में उठाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.

ग्रामीणों ने क्या कहा…

ग्रामीणों के अनुसार संदीप उरांव का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य लग रहा था. गांव के लोगों ने बताया कि वह अक्सर चिड़चिड़ा रहता था और घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी. हालांकि घटना के पीछे मानसिक तनाव, घरेलू कलह या अन्य कोई कारण है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. घटना के बाद सेंगरा टोली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं घायल बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ ग्रामीण कर रहे है. भंडरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. यह घटना न केवल एक परिवार को तबाह कर गई, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

ALSO READ: व्हाट्सएप स्टेटस लगा युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से चल रहा था विवाद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *