Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज सोमवार से 11 जून तक प्रोजेक्ट भवन में विभागवार उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे. इन बैठकों में सरकार की योजनाओं और विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी. सोमवार को सबसे पहले जल संसाधन विभाग, वित्त विभाग और वाणिज्य-कर विभाग के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक होगी. वहीं मंगलवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा की जाएगी. बैठक का मुख्य उद्देश्य विभागों के कार्यों का मूल्यांकन करना और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को दूर करना है. समीक्षा बैठकें हर दिन दो सत्रों में आयोजित होंगी. सभी संबंधित विभागों के प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी, ताकि योजनाओं की जमीनी स्थिति की सही जानकारी मिल सके. हर सत्र में विभागों की विकास योजनाओं, बजट खर्च और आगामी लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने विभागों की अपडेटेड रिपोर्ट और प्रोग्रेस चार्ट पहले से तैयार रखें.

ALSO READ: तमाड़ : तीन लोगों पर हाथियों के हमले की आशंका, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
